Discussions

header ads

Ind vs Aus: रोहित शर्मा और विराट कोहली ने तोड़ा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों का रिकॉर्ड


नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और उप कप्तान रोहित शर्मा को इस वक्त दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में गिना जाता है। वनडे क्रिकेट में रोहित और विराट की जोड़ी सबसे धमाकेदार मानी जाती है। रविवार को इस जोड़ी ने शानदार शतकीय साझेदारी निभाते हुए ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 2-1 से धूल चटाया। इस जोड़ी ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट और मैथ्यू हेडन के शतकीय साझेदारी की रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की सीरीज का निर्णायक मुकाबला बैंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 286 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत ने रोहित शर्मा के शतक और कप्तान विराट कोहली के अर्धशतक के दम पर 47.3 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। पहला मैच हारने के बाद भारत ने लगातार दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमाया। 
बैंगलुरू वनडे में रोहित और कोहली की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए  137 रन की शानदार शतकीय साझेदारी निभाकर टीम के जीत की राह तैयार की। इन दोनों धुरंधर की वनडे क्रिकेट में दूसरी पारी में यह 11वीं शतकीय साझेदारी थी। सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने के मामले में रोहित और कोहली की जोड़ी ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस और मैथ्यू हेडन को पीछे छोड़ दिया। 
वनडे क्रिकेट में दूसरी पारी में सबसे ज्यादा बार शतकीय साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड भारत के सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली के नाम पर दर्ज है। सचिन और सौरव की जोड़ी ने कुल 17 बार भारत के लिए यह कमाल किया है। 11 शतकीय साझेदारी के साथ अब रोहित और कोहली दूसरे नंबर पर आ गए हैं। बैंगलुरू वनडे से पहले दूसरे नंबर पर काबिज गिलक्रिस्ट और हेडन तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। 

Post a Comment

0 Comments